विधान परिषद चुनावः महाविकास आघाड़ी की 27 मई को बैठक
मुंबई, 25 मई (हि.स.)। विधान परिषद की निकाय संस्थाओं की 17 सीटों के चुनाव को लेकर विपक्षी दल महाविकास आघाड़ी (मविआ) में भी हलचलें तेज हो गई हैं। मविआ के शीर्ष नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार 27 मई को मुंबई में होने जा रही है। इस बैठक में चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय किया जाएगा। चुनाव के संबंध में जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
विधान परिषद के स्थानीय निकाय की 16 सीटों के चुनाव और एक सीट के उपचुनाव 18 जून को होने वाले हैं। चुनावी परिणाम 22 जून को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव के लिए महाविकास आघाड़ी के घटक दल शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) ने भी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस चुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं में बातचीत का दौर शुरू हो गया है। पिछले दिनों उद्धव ठाकरे ने मराठावाडा के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर उनकी राय जानी थी। अब महाविकास आघाड़ी में सीट बंटवारे का फार्मूला तय करने के लिए तीनों दलों के नेताओं की बैठक होने वाली है। इस बैठक में हर पार्टी को सम्मानजनक सीट देने पर चर्चा होगी।
सत्ताधारी महायुति के तीनों दलों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही थी। सूत्रों की मानें तो बीजेपी-12, शिवसेना (शिंदे गुट)- 4 और एनसीपी (एपी) को एक सीट देने पर सहमति बनी है. सीट बंटवारे के इस फॉमूले पर अंतिम फैसला लेने के लिए जल्द मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ बैठक होनेवाली है. इस बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। शिंदे सेना ने 7 और एनसीपी (एपी) ने 2 सीटों पर दावा ठोंका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

