विधान परिषद चुनावः भाजपा के 5 उम्मीदवार घोषित
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने अपने पांच उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने नए चेहरों को मौका दिया है।
भाजपा केंद्रीय संगठन ने मंगलवार को अपने पांच प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की। सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे और प्रमोद जठार को उम्मीदवार बनाया गया है। उपचुनाव के लिए प्रज्ञा सातव के नाम की घोषणा की गई है। प्रज्ञा सातव कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। नए चेहरों में इस बार पार्टी ने विवेक कोल्हे को टिकट दिया है। वे स्नेहलता कोल्हे के बेटे हैं। संजय भेंडे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के करीबी बताए जाते हैं। एमएलसी गोपीचंद पडलकर, रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल, प्रवीण दटके और रमेश कराड कार्यकाल समाप्त हो रहा है। लेकिन उन्हे पार्टी ने दोबारा मौका नहीं दिया है।
नाव आयोग ने विधान परिषद की रिक्त हो रही 9 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है। नामांकन 30 अप्रैल से दाखिल किए जाएंगे और 12 मई को वोटिंग होगी। जो सीटें रिक्त हो रही हैं, उनमें उद्धव ठाकरे (शिवसेना - यूबीटी), नीलम गोरहे (शिवसेना- शिंदे गुट), शशिकांत शिंदे (राकांपा - एसपी), अमोल मिटकरी (एनसीपी - एपी),गोपीचंद पडलकर (भाजपा), रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल (भाजपा), राजेश राठौड़ (कांग्रेस), प्रवीण दटके (भाजपा) और रमेश कराड (भाजपा) का समावेश है। 288 सदस्यीय विधानसभा में संख्याबल के हिसाब से महायुति का पलड़ा भारी है। आंकड़ों को देखें तो भाजपा के खाते में 5, शिवसेना शिंदे गुट को 2, एनसीपी (एपी) को 1 और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी को 1 सीट मिल सकती है।
विधानसभा में विपक्षी दल महाविकास आघाड़ी में शिवसेना (यूबीटी) के 21, कांग्रेस-16 और एनसीपी (एसपी) के 10 विधायक हैं. सत्तादल महायुति में भाजपा के 132, शिंदे गुट- 56 और एनसीपी (एपी) के 41 विधायक हैं। अन्य के खाते में 12 सीटें हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

