home page

विधान परिषद चुनावः उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

 | 

मुंबई, 01 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद के निकाय संस्थाओं की 17 सीटों के चुनाव में सत्तापक्ष महायुति और विपक्ष महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिले के आखिरी दिन सोमवार को अपना नामांकन भरा। पुणे सीट से एनसीपी (एपी) और सांगली-सातारा सीट से एनसीपी (एसपी) के दो-दो उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इसी तरह छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट से शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता अब्दुल सत्तार के बेटे समीर सत्तार ने निर्दलीय नामांकन भरके भाजपा प्रत्य़ाशी को चुनौती दी है। नांदेड़ सीट से कांग्रेस के माधवराव पाटिल और रामदास पाटिल ने पर्चा भरा है.

विधान परिषद की 16 सीटों और नागपुर की एक सीट पर उपचुनाव 18 जून को कराए जाएंगे। ये चुनाव पिछले ढाई साल से नहीं हुए थे। विधान परिषद के कुल 78 सदस्यों में से 22 सदस्य निकाय संस्थाओं द्वारा चुने जाते हैं। इस साल सोलापुर, अहमदनगर, ठाणे, जलगांव, नांदेड़, सांगली-सतारा, यवतमाल, पुणे, भंडारा-गोंदिया, नासिक और अमरावती की निकाय संस्थाओं की की 17 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। सोमवार को नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख थी। दोपहर 3 बजे तक नामांकन भरे जा सकते थे। इस चुनाव के लिए सभी दलों में बहुत नेता इच्छुक थे। इस वजह से बड़े-बड़े दावे और जवाबी दावे किए गए। महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों में अंदरूनी मतभेद सामने आए। पुणे में एनसीपी (एपी) में अंदरूनी कलह नजर सामने आई। सुनील टिंगरे और विक्रम काकड़े दोनों ने पुणे से नामांकन भरा है। इस बीच छत्रपति संभाजीनगर में महायुति में विवाद देखा गया। भाजपा ने इस सीट से सुहास शिरसाट को मैदान में उतारा है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) के समीर सत्तार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा है। बताया जाता है कि जिन सीटों पर दो उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, वे अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

महायुति में काफी खींचतान के बाद सीट बंटवारे पर फैसला हुआ। भाजपा 11 सीटों पर, शिवसेना (शिंदे गुट) 4 सीटों पर और एनसीपी (एपी) 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

भाजपा के उम्मीदवार

वर्धा चंद्रपुर गडचिरोली- अरुण लखानी, भंडारा-गोंदिया- अविनाश ब्रह्मणकर, अमरावती- प्रवीण पोटे, सोलापुर- राजेंद्र राऊत, सांगली सातारा- धैर्यशील कदम, अहिल्यानगर- प्राजक्त तनपुरे, छत्रपति संभाजीनगर-जालना- सुहास शिरसाट,नांदेड़ – अमर राजुरकर,धाराशिव बीड लातूर- बसवराज पाटिल, जलगांव- नंदकिशोर महाजन, नागपुर- राजीव पोतदार

शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार

ठाणे- रवींद्र फाटक, नासिक- नरेंद्र दराडे,परभणी-हिंगोली- सईद खान, यवतमाल- दुष्यंत चतुर्वेदी

एनसीपी (एपी) के प्रत्याशी

रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग- अनिकेत तटकरे, पुणे- विक्रम काकड़े और सुनील टिंगरे

महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस 8 सीटों, शिवसेना (यूबीटी)- 5 सीटों और एनसीपी (एसपी) 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस के उम्मीदवार

चंद्रपुर-वर्धा-गडचिरोली – शैलेश देशमुख, अमरावती – हर्षदीप देशमुख, यवतमाल – साहेबराव कांबले, लातूर – महेश देशमुख, सोलापुर – आदित्य फत्तेपुरकर, नांदेड़- माधवराव पाटिल और रामदास पाटिल, नागपुर- अतुल लोंधे

शिवसेना (यूबीटी) के प्रत्याशी

नासिक – अनिल कदम, परभणी-हिंगोली – डॉ. विवेक नवंदर, छत्रपति संभाजीनगर – जालना – देवयानी कृष्णा पाटिल डोंगाओंकर, जलगांव – शरद तायडे, रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग – सुरेंद्रनाथ उर्फ बाल माने

एनसीपी (एसपी) के प्रत्याशी

सांगली-सातारा – अभय जगताप और बालासाहेब पाटिल, पुणे- श्रीकांत पाटिल, ठाणे- अभिजीत पवार

निर्दलीय

छत्रपति संभाजीनगर-जालना- समीर सत्तार

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार