home page

विधान परिषद चुनावः अनिकेत तटकरे का निर्विरोध चुना जाना तय, भाजपा के पाले में ठाकरे गुट के माने

 | 

मुंबई, 04 जून (हि.स.)। विधान परिषद के स्थानीय निकाय की सीटों के चुनाव में नया मोड़ आया है। की सीटों पर महायुति के उम्मीदवारों का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। इसी कड़ी में कोंकण विभाग की रायगढ़-रत्नागिरी- सिंधुदुर्ग सीट पर बड़ा खेल हुआ है। महाविकास आघाड़ी के शिवसेना (ठाकरे गुट) के उम्मीदवार सुरेंद्र उर्फ बाल माने ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसमें भाजपा के मंत्री नितेश राणे का बड़ा खेल माना जा रहा है।

बाल माने के नामांकन वापस लेने से एनसीपी (एपी) के उम्मीदवार अनिकेत तटकरे का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके चलते ठाकरे गुट ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए बाल माने को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के आदेश पर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से ठाकरे गुट के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाल माने ने मंत्री नितेश राणे के साथ जिलाधिकारी कार्यालय जाकर अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

बाल माने के अनुसार उन्होंने सुना था कि चुनाव में खरीद-फरोख्त चल रही है। उन्हें महाविकास आघाड़ी से उम्मीद के मुताबिक सपोर्ट नहीं मिल रहा था। उम्मीदवारों के हस्ताक्षर में भी दिक्कतें थीं। लोकतंत्र के दायरे में चुनाव होने चाहिए। उन्होंने अपना नामांकन इसलिए वापस लिया है कि वे खरीद-फरोख्त की राजनीति को कोंकण की संस्कृति और परंपरा नहीं मानते। बहरहाल माने के इस फैसले से महाविकास आघाड़ी को बड़ा झटका लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार