विधान परिषद चुनावः 110 उम्मीदवारों के नामांकन रिजेक्ट
मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। : महाराष्ट्र विधान परिषद की तीन स्नातक और दो शिक्षक सीटों के चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की शुक्रवार 9 अक्टूबर को आखिरी तारीख है। इस बीच स्क्रूटनी में 110 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रिजेक्ट हो गए हैं। शुक्रवार को नामांकन वापसी के दिन पूरी तरह तस्वीर साफ हो जाएगी की कि कितने प्रत्य़ाशी चुनावी मैदान में होंगे।
विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी में अंदरूनी खींचतान जारी है। दोनों गठबंधनों में एक दूसरे के खिलाफ प्रत्याशियों ने ताल ठोंकी है। कहीं अपने ही दल के उम्मीदवार के खिलाफ बगावत कर नामांकन भरे गए हैं। दोनों गठबंधनों के दलों की ओर से बागियों को मनाने की कोशिशें जारी हैं। पुणे शिक्षक और स्नातक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार को शिवसेना (शिंदे गुट) ने चुनौती दी है। शुक्रवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन साफ हो जाएगा कि इन दोनों सीटों पर भाजपा और शिंदे गुट के बीच फ्रेंडली फाइट होगी या किसी दल का उम्मीदवार अपना पर्चा वापस ले लेगा। पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर के साथ-साथ पुणे और अमरावती सीटों के चुनाव 23 अक्टूबर को हो रहे हैं। इस चुनाव में महायुति और महाविकास आघाड़ी में बगावत हो गई है। महायुति और आघाड़ी के उम्मीदवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ एप्लीकेशन फाइल की है, इसलिए दोनों तरफ से बागियों को मनाने की कोशिशें हो रही हैं। ये कोशिशें कितनी कामयाब होंगी, यह शुक्रवार को साफ हो जाएगा।
पांच सीटों के चुनाव के लिए कुल 365 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा था। इन आवेदनों की बुधवार को स्क्रूटनी की गई। सूत्रों के अनुसलार स्क्रूटनी में 110 उम्मीदवारों की नामांकन रिजेक्ट कर दिए गए हैं। नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में 54-54, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 69, अमरावती शिक्षक में 30 और पुणे शिक्षक चुनाव क्षेत्र में 48 उम्मीदवारों के नामांकन पात्र घोषित किए गए हैं। पुणे स्नातक चुनाव क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3 लाख 31 हजार 960 वोटर हैं। उसके बाद नागपुर स्नातक में 2 लाख 57 हजार 34 और औरंगाबाद स्नातक चुनाव क्षेत्र में 3 लाख 27 हजार 961 वोटर हैं। पुणे शिक्षक चुनाव क्षेत्र मंथ 63 हजार 789 और अमरावती शिक्षक चुनाव क्षेत्र में 35 हजार 810 वोटर पंजीकृत हैं।
पुणे शिक्षक सीट
भाजपा ने पुणे शिक्षक सीट से डॉ. स्मिता जाधव को मैदान में उतारा है। शिवसेना शिंदे गुट के सचिन सानप ने उनके खिलाफ नामांकन भरा है। जबकि एनसीपी (एसपी) ने यहां से हर्षदा देशमुख-जाधव को मैदान में उतारा है।
नागपुर स्नातक सीट
भाजपा ने सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक अनिल सोले और भाजपा के रमन सेनाद ने पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ नामांकन भरा है। कांग्रेस ने अभिजीत वंजारी को फिर मौका दिया है. इस सीट से एनसीपी (एसपी) के नितेश कराले ने भी नामांकन भरा है।
छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट
एनसीपी (एपी) ने यहां से महायुति उम्मीदवार के तौर पर सतीश चव्हाण को मैदान में उतारा है। उनके खिलाफ महाविकास आघाड़ी की ओर से एनसीपी (एसपी) के डॉ. प्रतापसिंह पाटिल ने नामांकन भरा है। इसके अलावा शिवसेना (यूबीटी) ने दिलीप घुगे को उम्मीदवारी दी है।
पुणे शिक्षक सीट
पुणे शिक्षक सीट में भाजपा ने कौस्तुभ गावड़े को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि शिंदे गुट ने मंगेश चिवटे को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही भाजपा के पंढरपुर के नेता बी. पी. रोंगे ने निर्दलीय के तौर पर अपना नामांकन भरा है। यहां से कांग्रेस ने जयंत आसगावकर को फिर मौका दिया है।
अमरावती शिक्षक सीट
इस सीट से शिवसेना शिंदे गुट ने मौजूदा विधायक किरण सरनाईक को उम्मीदवारी दी है। कांग्रेस ने यहां अदिति पोहरे को अपना उम्मीदवार बनाया है। लेकिन शिवसेना (यूबीटी) के दत्तात्रेय लहाने ने भी अपना नामांकन भरा है।
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

