मानसून का जोर हुआ कम
मुंबई, 23 अगस्त (हि.स.)। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसकी वजह से मुंबई और कोंकण तट पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि,24 अगस्त से 21 सितंबर के बीच ग्लोबल वेदर मॉडल के मैप के अनुसार सितंबर महीने में पूरे भारत में बारिश में और कमी के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश इलाके में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। इसके पास समुद्र तल से 4.5 किमी की ऊंचाई तक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई तक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। इसका असर महाराष्ट्र में भी देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार पूरे देश में मॉनसून की बारिश में 13.2 प्रतिशत की कमी है। अगस्त महीने में 15.2 फीसदी कम बारिश हुई है।
महाराष्ट्र में अब तक 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। उत्तर महाराष्ट्र में बिजली कड़कने के साथ बारिश का अनुमान है। विदर्भ के गोंदिया ज़िले में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की उम्मीद है। उत्तर महाराष्ट्र के धुले, जलगांव, नाशिक जिले में गरज के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के बाकी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

