home page

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव- भाजपा के तीन उम्मीदवार घोषित

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों के चुनाव के लिए भाजपा ने अपने तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा के कोटे तीन सीटें आई हैं। पार्टी शीर्ष ने रविवार को अपने तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।

भाजपा ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर विट्ठलराव कोहले, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुक मुरलीधर गावड़े और पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से स्मिता योगेश जाधव को उम्मीदवार बनाया है। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में महायुति में सीटों के बंटवारे को लेकर तनातनी जारी है। भाजपा ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कौस्तुभ गावड़े की उम्मीदवारी घोषित की है। हालाँकि शिवसेना शिंदे गुट के दावेदार मंगेश चिवटे और मंत्री उदय सामंत के करीबी सचिन सनप अपनी उम्मीदवारी दाखिल करने की तैयारी में हैं। एनसीपी (एपी) भी पुणे की सीट न मिलने से नाराज है।

महायुति में सीट बंटवारे को लेकर काफी समय तक चर्चा होती रही। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट भाजपा के खाते में चली गई। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद तीनों उम्मीदवारों के नामों की सूची की घोषणा की गई। पूर्व विधायक दत्तात्रेय सावंत ने भी मजबूत दावेदारी ठोंकी थी। उन्होंने पंढरपुर में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था और भाजपा से उम्मीदवारी मिलने की उम्मीद जताई थी। इधर शिंदे गुट के मंगेश चिवटे ने 6 अक्टूबर को नामंकन भरने की तैयारी जारी रखी है। चिवटे ने कहा है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में नामांकन दाखिल करने के निर्देश मिले हैं। दूसरी ओर सचिन सनप ने भी शिक्षक नामांकन दाखिल करने के संकेत दिए हैं। इस सीट से कांग्रेस ने फिर से जयंत आसगावकर को महाविकास आघाड़ी का उम्मीदवार बनाया है।

चुनाव के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख मंगलवार 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 7 अक्टूबर को होगी। उसके बाद नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर है। 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी और वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार