महाराष्ट्र फ्रीडम ऑफ रिलीजन बिल को राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र फ्रीडम ऑफ रिलीजन बिल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दे दी है। राज्यपाल ने इस बिल को राज्य सरकार को नोटिफिकेशन जारी करने के लिए भेज दिया है। अब राज्य सरकार तय करेगी कि यह कानून कब से लागू किया जाएगा। इस कानून के लागू होने के बाद जबरन, धोखाधड़ी और शादी का वादा करके धर्म परिवर्तन कराने वालों को कड़ी सजा मिलेगी. दोषी व्यक्ति को 7 साल की सजा हो सकती है।
कानून तोड़ने पर 7 साल तक की सजा हो सकती है। साथ ही अगर यह जुर्म दोबारा किया जाता है, तो 10 साल तक की सजा हो सकती है। इंटर-रिलीजियस शादी के मामले में, शादी से पहले मां का जो धर्म था, वही बच्चे पर लागू होगा। यह बिल मार्च 2026 में बजट सत्र में महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में पारित किया गया था। उसके बाद बिल को राज्यपाल, केंद्र सरकार और राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेजा गया था।
महाराष्ट्र फ्रीडम ऑफ रिलीजन एक्ट, 2026 का मुख्य मकसद जबरदस्ती, धोखाधड़ी और शादी का वादा करके धर्म परिवर्तन पर रोक लगाना है। यदि कोई अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन करना चाहता है, तो उसे 60 दिन पहले संबंधित अथॉरिटी को आवेदन करना होगा। अगर किसी व्यक्ति का जबरन, धमकी देकर या शादी का वादा करके धर्म बदला जाता है, तो यह एक कॉग्निजेबल ऑफेंस है। धर्म बदलने वाले व्यक्ति और संस्था की जिम्मेदारी होगी कि वे यह साबित करें कि धर्म बदलना अपनी मर्जी से किया गया था या नहीं। माता-पिता, भाई-बहन और दूसरे करीबी रिश्तेदार धर्म बदलने के बारे में शिकायत कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

