home page

बीएमसी की टीम पर हमला करने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। कांदिवली में समतानगर पुलिस स्टेशन की टीम ने शनिवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की टीम पर हमला करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पांचों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि नगर निगम की ओर से शुक्रवार शाम को फेरीवालों के विरुद्ध विशेष मुहिम शुरु की गई थी। इसी मुहिम का विरोध करते हुए कांदिवली के लोखंडवाला में फेरीवालों ने निगम की टीम पर हमला कर दिया था। इस घटना की शिकायत नगर निगम की ओर से समतानगर पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई गई थी। इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आज पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पांचों की पहचान कुलदीप सिंह (27), महेंद्र सिंह चूड़ावत (31), शौर्य शैलेश चरला (29), जस हितेश चरला (25) और असलम इम्तियाज शेख (27) के रूप में की गई है।

स्थानीय भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि लोखंडवाला में फेरीवालों की वजह से आम नागरिकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन फेरीवालों के विरुद्ध शुक्रवार को नगर निगम ने कार्रवाई की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने नगर निगम की टीम पर हमला किया था। उन्होंने कहा इन हमलावरों पर कानूनन कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव