home page

बाढ़ नियंत्रण के लिए मुंबई मनपा का जंबो प्लान

 | 

मुंबई, 25 मई (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने भारी बारिश के दौरान मुंबई में आने वाली बाढ़ के नियंत्रण के लिए जंबो प्लान बनाया है। मुंबई शहर व उपनगरों में ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और तेजी से जल निकासी के लिए 180 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अत्याधुनिक ‘सक्शन जेटिंग संयुक्त मशीनें’ खरीदने का निर्णय लिया गया है।

मुंबई में मानसून के दौरान 200 से 300 मिमी या उससे अधिक बारिश होने पर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो जाती है। नालों से निकाले गए गाद व कचरे का मौके पर ही रीसाइक्लिंग और बाढ़ पानी निकालने में सक्षम ऐसी 20 आधुनिक मशीनें शीघ्र मनपा के बेड़े में शामिल होंगी। इस संबंध में प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए स्थायी समिति के समक्ष रखा गया है। ई-निविदा प्रक्रिया में मेट्रो वेस्ट हैंडलिंग प्रा. लिमिटेड और टीपीएस इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने तकनीकी पात्रता हासिल की थी. इनमें मेट्रो वेस्ट हैंडलिंग प्रा. लिमिटेड ने जीएसटी छोड़कर 178 करोड़ 53 लाख 98 हजार 130 रुपये की सबसे कम बोली लगाई, जिसके आधार पर कंपनी का चयन किया गया। 18 प्रतिशत जीएसटी और अगले पांच वर्षों के संचालन एवं समग्र रखरखाव खर्च सहित इस परियोजना की कुल लागत लगभग 191 करोड़ रुपये होगी।

इस अनुबंध के तहत मनपा को विभिन्न क्षमताओं वाली कुल 20 आधुनिक मशीनें मिलेंगी। इनमें 28 टन क्षमता वाले वाहनों पर स्थापित 11 हजार लीटर क्षमता की 7 मशीनें, 18.5 टन वाहनों पर 8 हजार लीटर क्षमता की 7 मशीनें और 9 टन के छोटे वाहनों पर स्थापित 3 हजार लीटर क्षमता की 6 मशीनें शामिल हैं। 3 हजार लीटर क्षमता वाली छोटी मशीनें विशेष रूप से उपनगरों की संकरी सड़कों, झुग्गी-बस्तियों और तंग गलियों में स्थित वर्षा जल निकासी नालों की सफाई के लिए उपयोगी साबित होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार