home page

पुलिसकर्मी को होटल में बंद कर आरोपी फरार

 | 

मुंबई, 24 अगस्त, (हि. स.)। पालघर जिले के नालासोपारा में नशीले पदार्थों की तस्करी और फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में वांछित 31 वर्षीय आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने होटल के कमरे में मौजूद बेंगलुरु पुलिस के एक अधिकारी पर हमला किया और उन्हें कमरे में बंद कर भाग गया। नालासोपारा पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास यादव को पकड़ने के लिए बेंगलुरु पुलिस की विशेष टीम नालासोपारा पहुंची थी। नालासोपारा पुलिस की मदद से शनिवार, 22 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर वसई कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से बेंगलुरु ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को ले जाने की तैयारी शुरू की। बेंगलुरु पुलिस अधिकारी वेंकटेश चौडय्या दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नालासोपारा पश्चिम स्थित गैलेक्सी होटल में रुके थे। रात में दोनों पुलिसकर्मी कुछ काम से बाहर गए। इसी दौरान कमरे में अकेले अधिकारी को देखकर विकास यादव ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया और उन्हें कमरे में बंद कर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों के लौटने पर घटना का पता चला। नालासोपारा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विशाल वडवी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार