नासिक कुंभ मेले को लेकर मध्य रेलवे की तैयारी तेज
मुंबई, 23 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर मध्य रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं को सुचारू रूप से लागू करने की योजना बनानी शुरू कर दी है।
मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने भुसावल मंडल के प्रमुख स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने देवलाली, नाशिक रोड, ओढ़ा, कसबे सुकेणे और खेरवाड़ी स्टेशनों का प्रत्यक्ष दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यात्रियों की सुचारु आवाजाही और आपातकालीन तैयारियों पर विशेष जोर दिया। महाप्रबंधक श्रीवास्तव ने प्लेटफॉर्म की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, अतिरिक्त टिकट खिड़कियां, बैठने की व्यवस्था और सूचना पट्टों की भी जांच की। निरीक्षण दौरे के दौरान भुसावल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कुंभ मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी भीड़ नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। भीड़ के दौरान भगदड़ की स्थिति न बने, इसके लिए प्रवेश और निकास द्वारों की उचित योजना बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

