नालासोपारा में पत्नी ने दो भाइयों के साथ मिलकर की पति की हत्या, तीनों गिरफ्तार
मुंबई, 15 नवंबर, (हि. स.)। महाराष्ट्र के नालासोपारा पूर्व स्थित प्रगति नगर में पत्नी ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पति की कथित तौर पर हत्या कर दी। मंगलमूर्ति अपार्टमेंट में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पत्नी और उसके दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।तुलिंज पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान समीर शेख (43) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी रेहाना (33) के साथ मंगलमूर्ति अपार्टमेंट में रहता था। समीर पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए अक्सर उससे झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर रेहाना ने शनिवार को अपने दो भाइयों मोहम्मद आसिफ इस्माइल साफी (46) और मोहम्मद शारिक इस्माइल साफी (40) को घर बुलाया। आरोप है कि दोपहर करीब 4 बजे तीनों ने समीर के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय तीनों आरोपी कथित तौर पर फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पत्नी और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पूर्वनियोजित साजिश की आशंका जताई गई है। वारदात में तीनों की भूमिका और हत्या के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

