home page

गोकुल दूध संघ अध्यक्ष चुनाव: सरकारी निदेशकों के मताधिकार पर रोक की मांग खारिज, चुनाव तय समय पर होगा

 | 

मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। गोकुल दूध संघ में अध्यक्ष पद के चुनाव में महाराष्ट्र सरकार द्वारा चार सरकारी निदेशकाें की नियुक्ति और उनके मताधिकार के खिलाफ कांग्रेस के नेता सतेज पाटिल के राेक लगाने की मांग काे बॉम्बे हाई कोर्ट की औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) बेंच ने साेमवार काे खारिज कर दिया।

गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव 10 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे शिरगाव स्थित मुख्य कार्यालय में होगा।

इस संबंध में बॉम्बे हाई कोर्ट की औरंगाबाद (संभाजीनगर) बेंच ने राज्य सरकार के अध्यादेश पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया है, जिससे चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।

अदालत ने राज्य सरकार द्वारा नियुक्त किए गए 4 निदेशकों को मतदान की अनुमति दे दी है, लेकिन उनके मतों की पेटी अलग रखने का आदेश दिया है।

पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और अंतिम परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इस मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर 2026 को होगी।

गोकुल दूध संघ के 25 सीटों के चुनाव में कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने 13 सीटें जीती हैं, जबकि महायुति को 12 सीटें मिली हैं। लेकिन 4 सरकारी निदेशकों को मत का अधिकार मिलने से महायुति का आंकड़ा 16 तक पहुंच सकता है जिससे महायुति पक्ष की जीत हाे सकती है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी