गणेश नाइक विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं : मंदा म्हात्रे
नवी मुंबई, 14 नवंबर (हि.स.)। नवी मुंबई के बेलापुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की विधायक मंदा म्हात्रे ने वन मंत्री गणेश नाइक पर अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में बाधा डालने और पार्टी में रहते हुए भी विरोध करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मंदा म्हात्रे ने शनिवार काे नवी मुंबई में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि उन्होंने नवी मुंबई शहर के लिए अस्पताल, लाइब्रेरी और स्टेडियम जैसी कई जरूरी परियोजनाओं को सरकार से मंजूर करवाया है और इसके लिए करोड़ों रुपये की निधि भी मंजूर की गयी है इसके बावजूद गणेश नाइक जानबूझकर इन कामों का विरोध कर रहे हैं और कोशिश कर रहे हैं कि ये काम पूरे न हो सकें।
म्हात्रे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब भाजपा के ही मंत्री अपनी ही पार्टी के विधायक के विकास कार्यों का विरोध कर रहे हैं, तो इस बात की जांच होनी चाहिए कि वे वाकई भाजपा के हैं या नहीं, इसके लिए उनका 'डीएनए टेस्ट' कराया जाना चाहिए।
हालांकि गणेश नाइक के समर्थक पार्षदों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि तकनीकी कारणों से परियोजनाओं की मंजूरी में देरी हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

