लोकल ट्रेन से नाले में गिरने से युवक की मौत
मुंबई, 23 सितंबर, (हि. स.)। लोकल ट्रेनों में भीड़ जानलेवा साबित हो रही है। नालासोपारा में एक युवक की चलती लोकल से गिरकर नाले में डूबने से मौत हो गई। नालासोपारा पूर्व में रेलवे ट्रैक से सटे नाले में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता मिला। सूचना मिलते ही आचोले पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के आसपास तलाशी ली तो दो मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के जरिए मृतक की पहचान नईम अख्तर (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नईम नालासोपारा पश्चिम के सोपारा इलाके में रहता था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक किनारे स्थित नाले में जा गिरा।फिलहाल अचोले पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

