अंतरराष्ट्रीय योग और पितृ दिवस पर दिव्यांग विद्यार्थियों संग किया योग
मुंबई, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और पितृ दिवस के अवसर पर रविवार सुबह मुंबई के सी.पी. टैंक रोड स्थित ए.के. मुंशी योजना शाला में एक प्रेरणादायी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) माधवबाग मंडल और ए.के. मुंशी योजना शाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांग विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया। योग शिक्षिका मनीषा पटेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस अवसर पर योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं पूर्व नगरसेवक अतुल शाह थे। उनके साथ विद्यालय की अध्यक्षा भारतीबेन गांजावाला, उर्वी शाह तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ योग कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य के साथ आर्थिक अनुशासन का भी संदेश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, संतुलन और दूरदर्शिता विकसित करने का भी साधन है। इसी संदर्भ में पिता दिवस के अवसर पर परिवार की आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की योजना बनाने के महत्व पर भी चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार स्वस्थ रहने के लिए बीमारी आने का इंतजार नहीं करना चाहिए, उसी प्रकार आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कर्ज और ईएमआई पर निर्भर रहने के बजाय समय रहते बचत और निवेश की आदत विकसित करनी चाहिए। नियमित बचत और एसआईपी (सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) जैसी योजनाओं के माध्यम से भविष्य की जरूरतों को सहज रूप से पूरा किया जा सकता है। इसे एक जिम्मेदार पिता और परिवार प्रमुख के महत्वपूर्ण कर्तव्य के रूप में भी प्रस्तुत किया गया।
दिव्यांग विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखा आत्मविश्वासकार्यक्रम के दौरान दिव्यांग विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। योग सत्र के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में समावेशिता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
सामाजिक समरसता का सशक्त उदाहरणअंतरराष्ट्रीय योग दिवस और पिता दिवस के संयुक्त अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और आर्थिक दूरदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता का संदेश दिया। दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ मिलकर योग करने का यह प्रयास समाज में समानता और सहभागिता की भावना को मजबूत करने वाला एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।
कार्यक्रम के आयोजन में मुंबादेवी संयोजक केतन बधेका, संयोजक मुकेश मिश्रा तथा सहसंयोजक पंकज पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसका नेतृत्व दीपाली मालुसरे (अध्यक्ष, माधवबाग मंडल) तथा सुशील राणे (अध्यक्ष, वार्ड 220) ने किया।
इस अवसर पर ए.के. मुंशी योजना शाला की खजिनदार गुणवती लालवाणी, सदस्य भारती दोशी, मुख्याध्यापक अजितकुमार चांगण, सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन कोकिला दिवेचा, नारीवृंद चेयरपर्सन छाया व्यास, शिक्षिका संगीता कांबले, वैभवी पाटिल, छाया भालेकर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
इसके अलावा सहभागी सामान्य विद्यालय चंदारामजी हाईस्कूल से दीपाली मालुसरे, संगीता कुलथे, अलका कुलथे, जया मिश्रा, सुमन पांडे, अल्पना तीवरकर, पुष्पा उपाध्याय, शिमला गुप्ता, केतन बधेका, पप्पूभाई चौरसिया, बलवंत गायकवाड़, सुशील राणे, रूपचंद चौरसिया, जसुभाई मोदी, मुकेश मिश्रा, मंगेश मालुसरे, संतोष माने और पंकज पांडे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Tiwari

