महाराष्ट्र में गर्मी का येलो अलर्ट, अक्टूबर हीट की चेतावनी
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मानसून वापस चला गया है। हालांकि मुंबई सहित राज्य में शर्दियों के आगमन की अभी आहट नहीं है। अक्टूबर हीट लोगों को पसीने से तर-बतर गर्मी कर रही है। मुंबई सहित राज्य के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है।
अक्टूबर महीने की शुरुआत से ही विदर्भ में गर्मी का पारा चढ़ गया है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया जा रहा है। चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं। कोंकण में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान लगाया गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी उमस भरी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि सिंधुदुर्ग जिले में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। उत्तर महाराष्ट्र के धुले, नंदुरबार, जलगांव और नासिक जिले में मौसम सूखा रहेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तेज गर्मी के कारण परेशानी महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्व से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं समुद्र से आने वाली हवाओं को रोक रही हैं। इस वजह से मुंबई में गर्मी बढ़ गई है। अगले दो-तीन दिनों तक यही स्थिति रहेगी और फिर तापमान कुछ कम होगा। अक्टूबर महीने में राज्य में तापमान का एवरेज 3 से 4 डिग्री बढ़ा है। हर साल इस दौरान सर्दी आती है, लेकिन इस साल कम बारिश और वापसी की बारिश का कोई संकेत नहीं है। अल-नीनो के असर के कारण इस साल गर्मी अधिक रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने राय दी है कि पेड़ों की संख्या बढ़ाना ही इसका एकमात्र उपाय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

