पश्चिम रेलवे ने छह प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और आगामी छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल ने बड़ा फैसला लिया है। मंडल ने छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 15 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना, सूरत और भेस्तान रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इस दौरान यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वाले ऐसे लोगों की मौजूदगी से भी प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त भीड़ हो जाती है, जो स्वयं यात्रा नहीं कर रहे होते हैं।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है। प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद होने से गैर-यात्री व्यक्तियों के प्रवेश को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आने-जाने और ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में सुविधा होगी।
रेलवे प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कुछ विशेष श्रेणियों के लोगों को इस प्रतिबंध से छूट देने का निर्णय लिया है। इनमें वरिष्ठ नागरिक, चिकित्सा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्री, गर्भवती महिलाएं और विशेष शारीरिक सहायता की आवश्यकता वाले व्यक्ति शामिल हैं।
रेलवे का कहना है कि इन विशेष श्रेणियों के लोगों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक रियायत दी जाएगी।
पश्चिम रेलवे का यह निर्णय त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर लिया गया है। छह प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर यह अस्थायी प्रतिबंध 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

