स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ
मुंबई, 02 अक्टूबर, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत पश्चिम रेलवे मुख्यालय, चर्चगेट में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता, साफ-सफाई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, महाप्रबंधक ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वच्छता की शपथ ली, जिसमें स्वच्छता के लिए समय देने, गंदगी न फैलाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया। श्री पाण्डेय ने स्वच्छता पखवाड़ा हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेते हुए हस्ताक्षर बोर्ड पर हस्ताक्षर किए तथा स्वच्छता अभियान में व्यक्तिगत जिम्मेदारी एवं सामूहिक भागीदारी के संदेश को सुदृढ़ किया।अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित अन्य गतिविधियों में 'स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत' के संदेश के साथ स्वच्छ रथ/प्रभात फेरियां, 'एक पेड़ मां के नाम' के अंतर्गत पौधारोपण अभियान, स्वच्छता ही सेवा 2026 के परिणामों की समीक्षा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों एवं स्वयंसेवकों का सम्मान शामिल है। पश्चिम रेलवे द्वारा 1 से 15 अक्टूबर, 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालयों में विभिन्न स्वच्छता अभियान तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन पहलों के माध्यम से पश्चिम रेलवे स्वच्छता को साझा जिम्मेदारी के रूप में बढ़ावा देने के अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखे हुए है तथा रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छ एवं हरित रेलवे वातावरण के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

