पश्चिम रेलवे का पेयजल परीक्षण अभियान
मुंबई, 21 अक्टूबर, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान रेलवे स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में पेयजल गुणवत्ता निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षण अभियान चलाया गया। पश्चिम रेलवे जनसंपर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 1 सितंबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक की पेयजल गुणवत्ता निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा पूरे नेटवर्क में सघन परीक्षण अभियान चलाया गया। पानी के डिसइन्फेक्शन की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने के लिए किए गए कुल 15,936 रेसिड्यूअल क्लोरीन परीक्षणों में सभी 15,936 नमूने सफल पाए गए। इसी प्रकार, माइक्रोबायोलॉजिकल सुरक्षा के परीक्षण हेतु किए गए सभी 2,674 बैक्टीरियोलॉजिकल नमूनों की जांच भी सफल रही। इस तरह दोनों ही श्रेणियों में 100% सफलता दर दर्ज की गई। रेसिड्यूअल क्लोरीन और बैक्टीरियोलॉजिकल विश्लेषण मिलकर संभावित संदूषण जोखिमों की पहचान करने और हर समय प्रभावी जल शोधन सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह उत्कृष्ट उपलब्धि नियमित सैंपलिंग, समयबद्ध प्रयोगशाला जांच, सूक्ष्म निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

