खाद्य सुरक्षा पर कार्यशाला
मुंबई, 25 मई (हि.स.)। खाद्य व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा को लेकर मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया है। इस प्रशिक्षण शिविर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और सहायक आयुक्तों को भारत की खाद्य सुरक्षा प्रणाली पर उनके प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा में वैश्विक नेतृत्व हासिल करना विषय पर आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय कार्यशाला में कोडेक्स एलिमेंटेरियस के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय खाद्य सुरक्षा व मानक प्राधिकरण के पूर्व सलाहकार रहे संजय दवे मार्गदर्शन करेंगे। इसमें डब्ल्यूटीओ, एसपीएस, टीबीटी और कोडेक्स एलिमेंटेरियस जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और समझौतों की भूमिका, उनके मूल सिद्धांत के साथ ही भारत की खाद्य सुरक्षा प्रणाली पर उनके प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, लेबलिंग, पैकेजिंग और उपभोक्ता संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी। खाद्य व औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

