home page

लेबर कोड खिलाफ मजदूरों ने मनाया ब्लैक डे

 | 

मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार के लेबर कोड की श्रमिकों ने खिलाफत शुरू कर दी है। बुधवार को मुंबई सहित राज्य विभिन्न इलाकों में मजदूरों ने काली पट्टी बांधकर ब्लैक डे मनाया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। चेतावनी दी गई है कि जब तक कामगार विरोधी चार कोड को वापस नहीं लिया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा।

आरोप है कि केंद्र सरकार ने सभी सेंट्रल लेबर यूनियनों के विरोध को नजरअंदाज़ कर 38 लेबर कानूनों को खत्म कर दिया और चार लेबर कोड को मंजूरी दी है। इसे लागू करने के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी की गई। सभी सेंट्रल लेबर यूनियनों की संयुक्त संघर्ष समिति की घोषणा के बाद राष्ट्रीय मिल मजदूर संघ, महाराष्ट्र राज्य राष्ट्रीय कामगार संघ और महाराष्ट्र इंटक के नेतृत्व में कामगारों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई में पोद्दार, टाटा, इंदू नंबर 5, दिग्विजय जैसी बंद फैक्ट्रियों के मजदूरों ने गेट पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह चाकण, औरंगाबाद-वालुंज, रत्नागिरी, रायगढ़, नवी मुंबई, नाशिक आदि जगहों की फैक्ट्रियों में भी मज़दूरों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय मिल मज़दूर संघ और महाराष्ट्र राज्य राष्ट्रीय कामगार संघ के अध्यक्ष व विधायक सचिन अहीर और महाराष्ट्र राज्य राष्ट्रीय कामगार संघ के महासचिव गोविंदराव मोहिते ने इस सफल आंदोलन के लिए कामगारों को बधाई दी है। साथ ही साफ किया गया है कि जब तक कामगार विरोधी चारों कोड वापस नहीं लिए जाते, किसी न किसी रूप में आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार