वसई में इमारत से गिरकर मजदूर की मौत
मुंबई, 24 अगस्त, (हि. स.)। पालघर जिले के वसई पश्चिम के बाभोला क्षेत्र में 22 मंजिला इमारत में पेंटिंग का काम कर रहा 22 वर्षीय एक मजदूर 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान मुरसलीम मोमीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बाभोला स्थित वेस्टर्न होटल के पीछे ‘आर्याना’ नामक 22 मंजिला इमारत में पेंटिंग का काम चल रहा था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे मुरसलीम 15वीं मंजिल पर काम कर रहा था। बताया गया कि लघुशंका के लिए नीचे उतरते समय वह अचानक 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए पारनाका स्थित सर डी.एम. पेटिट अस्पताल ले जाया गया। वहां शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में वसई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले 13 अगस्त को नायगांव पूर्व स्थित रश्मी स्टार सिटी इमारत में रंगकाम के दौरान 43 वर्षीय सदीकुल सोहब शेख की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई थी। आरोप है कि कई जगह मजदूरों को ऊंचाई पर काम करते समय आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। नागरिकों का कहना है कि हादसों के बावजूद संबंधित विभागों की निगरानी और कार्रवाई अपर्याप्त है। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी नियमित जांच की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

