home page

एयर इंडिया बिल्डिंग में नए मंत्रालय का काम अंतिम चरण में

 | 

मुंबई, 30 जुलाई (हि.स.)। नरीमन पॉइंट स्थित एयर इंडिया की पुरानी ऊंची बिल्डिंग में राज्य का नया मंत्रालय बनाने का काम आखिरी स्टेज में है,। आने वाले दिनों में इसी जगह पर पहली कैबिनेट मीटिंग होने की संभावना है। मुख्य सचिव की मौजूदगी में गुरुवार को एयर इंडिया इमारत में चल रहे रेनोवेशन के काम की समीक्षा की गई।

साल 1972 में 7,512 वर्ग मीटर एरिया में बनी यह 23 मंज़िला बिल्डिंग राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से 1,601 करोड़ रुपये में खरीदी है। बिल्डिंग की मरम्मत और मॉडर्नाइजेशन के लिए 181 करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया गया है। इस बिल्डिंग की 23वीं मंजिल पर 5,611 वर्ग फीट क्षेत्र में मुख्यमंत्री का एक बड़ा सी-फेसिंग' ऑफिस बनाया जा रहा है। इमारत की 22वीं मंज़िल पर 13,363 वर्ग फ़ीट एरिया में एक स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट कैबिनेट हॉल बनाया जा रहा है, और यहीं कैबिनेट मीटिंग होंगी।

बिल्डिंग में दो मंज़िला पार्किंग की सुविधा है। एक बार में 152 गाड़ियां खड़ी हो सकती हैं। दोनों तरफ़ से एंट्रेंस होने से ट्रैफ़िक जाम की समस्या भी कम होगी। अभी, मंत्रालय में जगह की कमी के कारण कई सरकारी विभाग बाहर से काम कर रहे हैं। इसके लिए सरकार ने करीब 9 लाख वर्ग फ़ीट जगह किराए पर ली है। इस पर हर महीने करीब 200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। नई बिल्डिंग में हेल्थ, मेडिकल एजुकेशन, हायर, टेक्निकल एजुकेशन के साथ-साथ जलापूर्ति व स्वच्छता जैसे विभागों का एक ही छत के नीचे लाने का प्लान है। इससे न सिर्फ प्रशासनिक तालमेल बढ़ेगा, बल्कि सरकार का करोड़ों रुपये का किराए का खर्च भी बचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार