विरार में सर्पदंश से महिला की मौत
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। विरार पश्चिम के आगाशी स्थित सोमाडी इलाके में घर की रसोई में काम कर रही एक महिला की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। मृतका की पहचान शैला उर्फ चार्लेटी घोन्साल्विस के रूप में हुई है। वह अंधेरी स्थित एक मेडिकल सेंटर के मेडिकल इंश्योरेंस विभाग में कार्यरत थीं।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शैला रसोई में गई थीं। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। शुरुआत में सांप के काटने का पता नहीं चलने के कारण परिजन स्थिति की गंभीरता को समझ नहीं सके। तबीयत बिगड़ने पर करीब आधे घंटे तक घर पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।
इसके बाद उन्हें आगाशी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बोलींज स्थित वसई-विरार मनपा अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने तत्काल आपातकालीन उपचार शुरू करते हुए इंजेक्शन दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें विरार के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आईसीयू में करीब 24 घंटे तक उपचार के बाद बुधवार तड़के करीब 1:30 बजे शैला ने दम तोड़ दिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

