मलबे में दबी 70 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत
मुंबई, 12 अगस्त, (हि. स.)। वसई-विरार मनपा क्षेत्र में मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश के दौरान वसई पश्चिम के रमेदी-कवडीबाग इलाके में एक पुराना मकान अचानक ढह गया था। हादसे में मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हुई 70 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान शशिकला अरुण पाटील के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को करीब 11.30 बजे रमेदी के कवडीबाग इलाके में शशिकला पाटील का पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से शशिकला मलबे में दब गईं। घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगर पालिका के अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने वुड कटर मशीन और लोहे की पहारी की मदद से मलबा हटाया। काफी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल मनपा के सर डी.एम. पेटिट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

