7 दिसंबर से नागपुर में शीतकालीन सत्र, दो सप्ताह चलेगा कामकाज
मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार 7 दिसंबर से शुक्रवार 18 दिसंबर, 2026 तक उपराजधानी नागपुर में होगा। यह फैसला बुधवार को विधानमंडल की सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया।
विधान भवन में हुई विधानमंडल सलाहकार समिति की बैठक में विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित सभी पार्टियों के ग्रुप लीडर शामिल हुए। यह सत्र कुल दो हफ़्ते तक चलेगा। इस दौरान राज्य में कई लंबित मुद्दे, विदर्भ का विकास, किसानों की समस्याएं, सप्लीमेंट्री मांगें और जरूरी बिल पर चर्चा होने की संभावना है।
'यूनिफॉर्म सिविल कोड' (यूसीसी) बिल राज्य सरकार द्वारा पेश किए जाने की संभावना है। राज्य सरकार ने इस साल जुलाई में सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज रंजना देसाई की अगुवाई में सात सदस्यों की एक कमिटी बनाई थी और उन्हें अपनी सिफारिशें देने के लिए छह महीने का समय दिया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सितंबर महीने में घोषणा की थी कि 21 राज्यों में साल 2029 से पहले यूसीसी लागू होगा. इसके अलावा किसान कर्ज माफी, राज्य में सूखे के हालात, सूखा राहत राशि, दिवंगत अजित पवार विमान हादसे की जांच, सह्याद्री पर्वत श्रृंखला में प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना जैसे मुद्दों को लेकर दोनों सदनों में सत्ता व विपक्ष के बीच बहस हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

