home page

नासिक अत्याचार मामले के आरोपितों को सजा मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे: एकनाथ शिंदे

 | 

-नासिक जिले के डोंगराले में प्रदर्शनकारियों ने रोका उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का काफिला

मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.): महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को आश्वासन दिया कि जब तक डोंगराले अत्याचार के अपराधियों को मौत की सजा नहीं मिल जाती, वह चैन से नहीं बैठेंगे। चुनाव प्रचार के लिए नासिक जिले के डोंगराले जा रहे एकनाथ शिंदे के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने रोका था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और प्रदर्शनकारियों पर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने का आदेश भी स्थानीय पुलिस को दिया।

उपमुख्यमंत्री सोमवार को नासिक जिले के डोंगराले में स्थानीय निकाय चुनाव का प्रचार करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के पिंपलनेर तहसील अध्यक्ष पवन संदनशिव के नेतृत्व में कुछ प्रदर्शनकारियों ने एकनाथ शिंदे के काफिले को रोका और डोंगराले अत्याचार मामले में न्याय दिलाने की मांग लिखा बैनर दिखाना शुरु कर दिया। इसके बाद पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना चाहा, लेकिन एकनाथ शिंदे खुद उनके पास गए और कहा कि इस घटना में जब तक आरोपितों को फांसी की सजा नहीं मिल जाती, तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे। इसके बाद एकनाथ शिंदे ने सभी प्रदर्शनकारी युवकों को तत्काल छोड़ देने का भी निर्देश दिया। इसके बाद एकनाथ शिंदे डोंगराले में प्रचार सभा के लिए रवाना हुए।

उल्लेखनीय है कि नासिक जिले के मालेगांव तहसील के डोंगराले गांव में 16 नवंबर को इसी गांव के 24 साल के विजय संजय खैरनार ने तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की और फिर पत्थर से उसका सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस घटना में मालेगांव तहसील पुलिस स्टेशन की टीम ने विजय खैरनार को गिरफ्तार कर लिया है और वह पुलिस कस्टडी में है। डोंगराले में एक नाबालिग लड़की पर हुए अमानवीय अत्याचार को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने परिवार को मनोधैर्य योजना के तहत 10 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है। इस घटना को लेकर डोंगराले गांव ही मालेगांव तहसील में लोगों में रोष व्याप्त है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव