home page

एपस्टीन से क्या थे केंद्रीय मंत्री पुरी के संबंध, रोहिणी खड़से ने उठाए सवाल

 | 

मुंबई,21 अक्टूबर (हि.स.)।अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के ईमेल का जिक्र सामने आया है। इससे राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। विपक्षी नेताओं ने उन्हें घेरा है। इस मामले में एनसीपी (एसपी) की महिला प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने पुरी पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा है कि यह रिश्ता क्या कहलाता है?

केंद्रीय मंत्री पुरी ने उन पर लग रहे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सफाई दी है कि एपस्टीन से उनकी मुलाकातें पेशेवर सिलसिले में हुई थीं। उनका उसके आपराधिक कृत्यों से कोई संबंध नहीं था। रोहिणी खडसे के अनुसार जेफरी एपस्टीन नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण, मानव तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले में चर्चा में आया। एपस्टीन के साथ केंद्रीय मंत्री पुरी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह मामला देश के लिए शर्मनाक है। खडसे ने सरकार पर हमारे पास बहुमत है, हम कुछ भी करेंगे वाली भावना से काम करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि हरदीप पुरी को नैतिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और मामले को साफ़ करना चाहिए।

खड़से ने पूछा है कि मंत्री पुरी एपस्टीन से असल में क्या बात करने गए थे? क्या वह सरकार में किसी और का संदश देने गए थे? या एपस्टीन के कहे जा रहे गलत कामों से उनका कोई लेना-देना था? इसे बारे में उन्हें जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार