पश्चिम रेलवे ने मिशन जीरो स्क्रैप के अंतर्गत 300 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री की
मुंबई, 20 अक्टूबर, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान स्क्रैप निस्तारण में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि मिशन जीरो स्क्रैप पहल के अंतर्गत अपने सभी प्रतिष्ठानों और इकाइयों को स्क्रैप-मुक्त बनाने के प्रति पश्चिम रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर, 2026 के मध्य में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। पश्चिम रेलवे ने 16 अक्टूबर, 2026 तक 248.97 करोड़ रुपये के आनुपातिक लक्ष्य के मुकाबले लगभग 320 करोड़ रुपये की कुल स्क्रैप बिक्री दर्ज की है, जो लक्ष्य से 28 प्रतिशत से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पश्चिम रेलवे के लिए निर्धारित समग्र स्क्रैप बिक्री लक्ष्य 500 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अतिरिक्त, अक्टूबर 2026 के महीने में विशेष अभियान अवधि के दौरान, पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर 2026 महीने के लिए निर्धारित 55 करोड़ रुपये के स्क्रैप बिक्री लक्ष्य के मुकाबले मासिक लक्ष्य को पहले ही पार कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

