home page

महाराष्ट्र लोकभवन में पश्चिम बंगाल राज्य स्थापना दिवस का आयोजन

 | 

मुंबई, 20 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र लोकभवन में शनिवार को पश्चिम बंगाल राज्य स्थापना दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल विष्णु देव वर्मा ने महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न भागों में निवास कर रहे पश्चिम बंगाल के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर सोलापुर विश्वविद्यालय के मराठी भाषी विद्यार्थियों ने बंगाली गीतों और नृत्यों के माध्यम से बेहतरीन प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के शुरूआत में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि का वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल वर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल भले ही एक-दूसरे से लगभग दो हजार किलोमीटर दूर हों, लेकिन दोनों राज्यों के लोगों की अस्मिता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय भावना समान है। दोनों राज्यों को इतिहास, संस्कृति, अध्यात्म और राष्ट्रवाद की भावना ने एक सूत्र में बांध रखा है। दोनों राज्यों ने गौरांग महाप्रभु, संत तुकाराम, अहिल्यादेवी होलकर और स्वामी विवेकानंद जैसी महान विभूतियां देश को दी हैं।

राज्यपाल ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भी दोनों राज्यों ने देश को महत्वपूर्ण नेतृत्व प्रदान किया। बंगाल ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस और बिपिन चंद्र पाल जैसे महान नेता दिए, जबकि महाराष्ट्र ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं को जन्म दिया। जिस प्रकार बंगाल साहित्य और संस्कृति के प्रति समर्पित राज्य है, उसी प्रकार महाराष्ट्र भी साहित्य और संस्कृति प्रेमियों की भूमि है। बंगाल ने साहित्य और संगीत के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज बंगाल जो सोचता है, देश कल वही सोचता है। बंगाल की महान संतानों ने देश को ‘वंदे मातरम्’ और ‘जन गण मन’ जैसे राष्ट्रीय गीत प्रदान किए हैं। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है, जबकि कोलकाता सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विख्यात है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने दुर्गा पूजा पर आधारित गीत ‘हेलो गिरी सुनो खबर’, पश्चिम बंगाल की महान विभूतियों की गाथा पर आधारित एकल अभिनय, लोकनृत्य और कथक नृत्य प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रकाश महानवर, राज्यपाल के सह सचिव एस. राममूर्ति, सांस्कृतिक समन्वयक, लोकभवन के अधिकारी व कर्मचारी और मुंबई की विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार