मौसम ने बदला मिजाज, महाराष्ट्र में धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड
मुंबई, 17 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम के कारण देश के पहाड़ी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। अब उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा का असर महाराष्ट्र पर भी दिखने लगा है। बुधवार से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और गुलाबी ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहेगा। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और मराठवाड़ा में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के तटीय जिलों में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहेगा। समुद्र के असर से कोंकण में अंदरूनी महाराष्ट्र के मुकाबले ठंड का असर कम महसूस हो सकता है। दिन में गर्मी और माहौल में नमी बनी रहने की संभावना है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में रात के तापमान में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं। पुणे, नासिक, धुले, जलगांव और अहिल्यानगर जिले में सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है। खासकर ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ठंडी हवाएं और ओस महसूस हो सकती है। हालांकि तापमान में यह कमी अलग-अलग चरणों में होगी। राज्य में तुरंत कड़ाके की ठंड की कोई तस्वीर नहीं है।
विदर्भ के नागपुर, अमरावती, अकोला, वर्धा, चंद्रपुर और गोंदिया इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में विदर्भ में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इससे इन इलाकों में सुबह की ठंड का असर कुछ समय के लिए कम हो सकता है। उसके बाद फिर से तापमान में कमी के संकेत हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली, सातारा और सोलापुर जिले में मौसम सूखा रहने की अनुमान है। इन इलाकों में सुबह और रात में कुछ बूंदाबांदी महसूस हो सकती है। कोल्हापुर के घाटों और ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय मौसम काफी ठंडा रहने की संभावना है।
बुधवार को पुणे शहर और उसके आसपास आसमान ज़्यादातर साफ रहने की उम्मीद है। सुबह का माहौल ठंडा रहने का अनुमान है, जबकि दोपहर का मौसम तुलनात्मक रूप से गर्म रहने की संभावना है। ठंड का असर नासिक, निफाड़ और उत्तरी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी महसूस हो सकता है। खासकर रात के तापमान में कमी और दिन में लगातार धूप निकलने की वजह से दिन और रात के मौसम में साफ अंतर महसूस होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

