मंत्री नितेश राणे के खिलाफ वारंट जारी
मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत के मानहानि केस में माझगांव कोर्ट ने मंत्री नितेश राणे के खिलाफ वारंट जारी किया है। सुनवाई में लगातार गैरहाजिर रहने की वजह से नितेश को वारंट जारी किया गया है।
दरअसल मंत्री नितेश राणे ने कहा था कि राऊत नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे। नितेश ने यह बयान साढ़े तीन साल पहले दिया था। इसे लेकर राऊत ने माझगांव कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि की याचिका दायर की थी। वारंट नितेश राणे के सरकारी आवास के पते पर जारी किया गया है। केस की सुनवाई में लगातार गैरहाजिर रहने की वजह से कोर्ट ने पहले नितेश के खिलाफ कणकवली में उनके घर के पते पर वारंट जारी किया था। कणकवली पुलिस ने पिछले तीन महीने से उस वारंट को तामील नहीं किया। राऊत के वकीलों ने यह मामला कोर्ट के ध्यान में लाया। इसके बाद कोर्ट ने मुंबई में उनके सरकारी आवास के पते पर वारंट जारी किया है। यह नितेश राणे लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। नितेश राणे ने अभी तक इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया है। उनका अगला कानूनी कदम क्या होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
क्या है मामला?
मई 2023 में नितेश राणे ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि राऊत अगले दो से तीन हफ्तों में यानी 10 जून से पहले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले हैं। पिछले कुछ दिनों से एनसीपी में उनकी एंट्री को लेकर बैठकें चल रही हैं। राऊत अजित पवार को पार्टी से निकालने की शर्त पर एनसीपी में शामिल होने को तैयार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

