अल्पकालीन रोजगारपरक पाठ्यक्रम अब ‘संत रोहिदास’ के नाम से होंगे संचालित
मुंबई, 23 नवम्बर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में संचालित अल्पकालीन रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम का नाम बदलकर ‘संत रोहिदास अल्पकालीन रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम’ कर दिया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने मंत्रालय में कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस चरण में राज्य के युवाओं के लिए 26,520 प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से अब तक 18,266 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसके तहत 346 आईटीआई में 817 और 56 सरकारी तकनीकी विद्यालय केंद्रों में 67 प्रशिक्षण बैच संचालित किए जाएंगे।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुसार युवाओं को आधुनिक कौशल से प्रशिक्षित करना जरूरी है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दो, तीन और चार घंटे के अल्पकालीन प्रमाणित पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिन्हें नियमित पढ़ाई या नौकरी के साथ भी किया जा सकता है। कार्यक्रम के तहत ड्रोन तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार के अनुसार, पहले चरण में 51,042 प्रशिक्षुओं ने प्रवेश लिया था, जिनमें से 37,981 का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में 88 प्रशिक्षण बैचों को मंजूरी दी गई, जिनमें 1,844 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
कार्यक्रम के तहत महिलाओं के लिए विशेष पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 260 प्रशिक्षण बैचों के माध्यम से 7,234 महिलाओं को प्रशिक्षण का अवसर मिला। इनमें सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन, जूनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर और ब्यूटी थेरेपिस्ट जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के पहले दिन से ही व्यावहारिक अनुभव दिया जाना चाहिए। इसके लिए आईटीआई में आवश्यक उपकरणों और कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राचार्यों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आईटीआई की पहचान मजबूत करना, युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करना और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी

