home page

मरम्मत कार्य के दौरान बंद नहीं होगी वीएन देसाई अस्पताल की ओपीडी

 | 

मुंबई, 12 अक्टबर (हि.स.)। मुंबई के वकोला स्थित वी. एन. देसाई अस्पताल में मरम्मत कार्य होना है। इसके चलते लोगों में चिंता थी कि अस्पताल की ओपीडी बंद कर दी जाएगी। हालांकि स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल की ओपीडी अगले तीन महीने तक बंद नहीं होगी। मरीजों का इलाज पहले की तरह चलता रहेगा।

मुंबई मनपा की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने सोमवार को अस्पताल का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मरीजों को बिना परेशानी इलाज उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने पर चर्चा हुई। अस्पताल की ओपीडी बंद होने की आशंका से आसपास के लोगों में चिंता थी। ओपीडी बंद होने पर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ सकता था। इसे देखते हुए भांदिर्गे ने अस्पताल प्रशासन से ओपीडी बंद करने के बजाय दूसरे इंतजाम करने को कहा। इसके बाद ओपीडी सेवा जारी रखने का भरोसा दिया गया।

भांदिर्गे ने अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल की ओपीडी, अस्पताल के मरम्मत कार्य के दौरान बंद नहीं होगी। चौबीस घंटे फार्मेसी उपलब्ध हो इसके लिए भी प्लान ऑफ एक्शन तैयार किया गया है। जल्द ही अस्पताल में 5 बेड का डायलिसिस सेंटर भी शुरू किया जाएगा। बैठक में पूर्व नगरसेवक महेश पारकर, अस्पताल की डीन डॉ. मयूरा नरले, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार