home page

वाइस एडमिरल संजय वत्सयान ने संभाला कार्यभार

 | 

मुंबई, 30 मई (हि.स.)। वाइस एडमिरल संजय वत्सयान ने शनिवार को मुंबई में आयोजित एक औपचारिक परेड में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी नौसेना कमान के रूप में कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मुंबई के नेवल डॉकयार्ड स्थित 'गौरव स्तंभ' पर राष्ट्र सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस नियुक्ति से पहले वाइस एडमिरल संजय वत्सयान ने नई दिल्ली स्थित नौसेना मुख्यालय में नौसेना स्टाफ के उप प्रमुख के रूप में कार्य किया था। वे पुणे के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र रहे हैं और 01 जनवरी 1988 को उन्होंने भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। गन और मिसाइल प्रणालियों के विशेषज्ञ के तौर पर उन्होंने अपने तीन दशकों से अधिक के विशिष्ट नौसेना करियर के दौरान समुद्र और ज़मीन दोनों जगहों पर, कमांड, ऑपरेशनल, स्टाफ और प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है।

वाइस एडमिरल संजय वत्सयान ने विभिन्न अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर सेवा दी है। इनमें कोस्ट गार्ड जहाज C-05, मिसाइल वेसल आईएनएस विभूति और नाशक, मिसाइल कॉर्वेट आईएनएस कुठार और गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्री शामिल है। वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, गोवा स्थित नेवल वॉर कॉलेज और नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज से स्नातक वत्सयान ने प्रमुख रणनीतिक और नीति-उन्मुख स्टाफ भूमिकाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार