पालघर-बोईसर में विहिप का धर्म रक्षा निधि कार्यक्रम, हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर मिलिंद परांडे ने जताई चिंता
मुंबई, 22 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद की ओर से पालघर और बोईसर में आयोजित धर्म रक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हिंदू समाज से धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में परांडे ने कहा कि देश में हिंदुओं की घटती जनसंख्या चिंता का विषय है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में महिलाएं और नाबालिग लड़कियां “लव जिहाद” के मामलों का शिकार हुई हैं तथा उन्हें वापस लाने के प्रयास जारी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बजरंग दल और विहिप द्वारा दो लाख से अधिक गोवंश को बचाने का कार्य किया जा रहा है।
विहिप नेता मुकेश दुबे ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा केवल संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने समाज से अपनी परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुंबई क्षेत्र मंत्री रामचंद्र रामुका, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर, सह धर्मप्रसार प्रमुख संदीप भगत, कोंकण विभाग के सह मंत्री चंदन सिंह, जिला मंत्री जयेश घरत, जिला अध्यक्ष महावीर जैन, टीमा उपाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, बजरंग दल जिला संयोजक कुंदन सिंह, राम रंजन सिंह, भाजपा जिला सचिव प्रकाश सिंह, उत्तर भारतीय मोर्चा अध्यक्ष आरबी सिंह, अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

