13वीं राष्ट्रीय वसई-विरार महापौर मैराथन 13 दिसंबर को, 15 अक्टूबर से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
मुंबई, 13 अक्टूबर, (हि. स.)। 13वीं राष्ट्रीय स्तर की वसई-विरार महापौर मैराथन का आयोजन रविवार, 13 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। वसई-विरार शहर महानगरपालिका और वसई तालुका कला क्रीडा विकास मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस खेल प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। यह घोषणा महापौर अजीव पाटील ने की है।इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे ने इस मैराथन प्रतियोगिता के बारे में प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिता की संक्षिप्त जानकारी दी। हर साल वसई-विरार शहर महानगरपालिका की ओर से मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस प्रतियोगिता में देश के नामी और दिग्गज धावक हिस्सा लेते हैं। यह प्रतियोगिता अनुभवी खिलाड़ियों से लेकर दौड़ने का शौक रखने वाले नए प्रतियोगियों तक सभी को प्रोत्साहित करने वाली होती है। इस बार भी वसई-विरार महापौर मैराथन प्रतियोगिता में फुल मैराथन 42 किमी प्रमुख स्पर्धा है। इसके अलावा हाफ मैराथन 21 किमी, 10 किलोमीटर दौड़ और 5 किलोमीटर दौड़ जैसी समय दर्ज करने वाली स्पर्धाएं भी शामिल हैं। इसके बाद, आम नागरिकों के लिए सामूहिक दौड़ के रूप में तीन किलोमीटर दूरी की 'धमाल धाव' आयोजित की जाएगी।इस अवसर पर आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (आई.ए.एस.) ने इस मैराथन प्रतियोगिता के लिए आवश्यक सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आयोजकों और संबंधित मनपा (महानगरपालिका) अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यदि पिछली प्रतियोगिता के दौरान कोई कमियां रह गई थीं, तो उन्हें दूर कर प्रतियोगिता को सुनियोजित तरीके से सफल बनाया जाए।महापौर अजीव पाटील ने निर्देश दिए कि इस मैराथन प्रतियोगिता का नियोजन प्रभावी ढंग से किया जाए, धावकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रतियोगिता के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व अन्य संबंधित मामलों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, महापौर ने अपील की कि इस 13वीं राष्ट्रीय स्तर की वसई-विरार महापौर मैराथन प्रतियोगिता में अधिक से अधिक धावक उत्साहपूर्वक अपना पंजीकरण कराएं और इस प्रतियोगिता को सफल बनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

