वसई में पतंग उड़ाते समय करंट से झुलसे तीन बच्चों की हालत स्थिर
पालघर, 10 नवंबर (हि.स.)। वसई पूर्व के जीवन नगर इलाके में सोमवार, 9 नवंबर को पतंग उड़ाते समय करंट लगने से झुलसे तीन बच्चों की हालत स्थिर है। वालिव पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक सोपान पाटिल ने मंगलवार को यह जानकारी दी। घायलों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। दो बच्चों का मुंबई के शताब्दी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
झुलसे बच्चों के नाम पीयूष यादव (10), शिवराज यादव (12) और जिग्नेश केवट (8) बताए गए हैं। पीयूष और शिवराज सगे भाई हैं। घटना वालिव पुलिस थाने के क्षेत्र में हुई थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान उनकी पतंग हाईटेंशन बिजली के तार में फंस गई। उसे छुड़ाने के लिए मांझा खींचते समय तेज आवाज हुई और तीनों बच्चे करंट की चपेट में आ गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
परिजनों ने बताया कि अधिक झुलसे दो बच्चों को पहले नजदीकी बालाजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें वसई-विरार महानगरपालिका के अस्पताल और वहां से मुंबई के शताब्दी अस्पताल रेफर किया गया। तीसरे बच्चे को अपेक्षाकृत कम चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। परिजनों का दावा है कि बच्चे चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे थे और उसी के जरिए करंट उन तक पहुंचा। हालांकि, इस्तेमाल किए गए मांझे की बनावट और हादसे के तकनीकी कारणों के संबंध में अभी कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। सहायक पुलिस निरीक्षक सोपान पाटिल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद परिजनों ने प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा उपलब्ध होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन की निगरानी पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि वाकनपाड़ा, श्रीराम नगर, संतोषभुवन, धानिव बाग, वसई फाटा, तुंगार फाटा और नायगांव सहित विभिन्न इलाकों में ऐसा मांझा बेचा जा रहा है। उन्होंने बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वालिव पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरकर ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

