गैस की किल्लत को लेकर वसई में हुआ बवाल, मजदूरों ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे किया जाम
मुंबई, 27 मार्च, (हि. स.)। वसई में शुक्रवार को गैस की किल्लत से परेशान सैकड़ों मजदूर और कामगार सड़क पर उतर आए और मुंबई-अहमदाबाद हाईवे को जाम कर दिया। वसई पूर्व के बर्मा सेल इलाके में बड़ी संख्या में लोग 5 किलो के गैस सिलेंडर लेकर जमा हुए। ये वे लोग हैं जो छोटे कमर्शियल गैस कनेक्शन पर निर्भर हैं और स्थानीय दुकानों से सिलेंडर रिफिल कराकर रसोई चलाते हैं। लोगों का आरोप है कि पहले 5 किलो वाले सिलेंडर का रिफिल करीब 480 रुपये में हो जाता था, अब गैस मिलना लगभग बंद हो गया है। कुछ स्थानों पर गैस उपलब्ध होने पर भी 1000 रुपये या उससे अधिक कीमत वसूली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह 5 किलो का सिलेंडर कमर्शियल श्रेणी में आता है और घरेलू गैस कनेक्शनों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण इसकी आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर हजारों कामगार परिवारों पर पड़ा है, जो इसी सिलेंडर के सहारे अपना चूल्हा जलाते हैं। घटना की पृष्ठभूमि में यह भी सामने आया कि बर्मा सेल इलाके में एचपी गैस एजेंसी की गाड़ियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है, जबकि गैस का वितरण पोंमान क्षेत्र से किया जाता है। कुछ दिन पहले इसी स्थान पर करीब 1000 सिलेंडरों का वितरण हुआ था, जिसके बाद से लोग यहां गैस मिलने की उम्मीद में पहुंचते रहे। इसी बीच 27 मार्च को गैस वितरण की अफवाह फैलने से यहां भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते संख्या सैकड़ों में पहुंच गई। जब मौके पर मौजूद गैस एजेंसी कर्मचारियों ने गैस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। विरोध कर रहे मजदूर अचानक मुंबई-अहमदाबाद हाईवे की ओर बढ़ गए और खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर दोनों लेन जाम कर दी। इसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कुछ स्थानों पर उग्र भीड़ द्वारा वाहन चालकों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग मौके पर पहुंचा। एसीपी नालासोपारा, एसीपी विरार और सीनियर पीआई वालिव सहित अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात काबू में लाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद भीड़ को हटाकर यातायात बहाल किया गया। वहीं, वसई के तहसीलदार दीपक गायकवाड़ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी और गैस एजेंसी संचालक को तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

