पुणे मेट्रो में रिसाव पर भड़के वडेट्टीवार
मुंबई, 23 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार ने पुणे मेट्रो में बारिश के पानी का रिसाव होने पर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि चाहे जितना इंफ्रामैन होने का बखेड़ा खड़ा कर लें, लेकिन पहली बारिश ने पोल खोल कर रख दी है.
वडेट्टीवार ने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक सब कहते हैं कि पैसे बचाने और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मेट्रो से सफर करें। अगर मेट्रो में पानी का रिसाव हो रहा है, तो आम जनता कहां जाएगी और कैसे सफर करेगी? करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुणे मेट्रो पहली बारिश में ही लीक होने लगी। यह मामला पूरे सिस्टम की गुणवत्ता पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। उद्घाटन के समय बड़े-बड़े ऐलान, बड़े प्रोग्राम और फोटो सेशन के साथ विकास का ढोल पीटा गया था। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रोजेक्ट की तारीफ की थी। लेकिन काम की क्वालिटी खराब है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी अगर पहली बारिश में मेट्रो लीक होने लगे, तो इसे विकास कहते हैं या जनता के भरोसे के साथ खिलवाड़?
वडेट्टीवार ने सवाल उठाया कि क्या जनता की मेहनत की कमाई को इस तरह बर्बाद करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी? कोई भी, चाहे वह ठेकेदार हो, प्रशासन हो या सत्ताधारी, वह अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

