home page

एसजीएनपी मास्टर योजना पर बवाल, विरोध में उतरे आदिवासी

 | 

मुंबई, 19 अप्रैल (हि.स.)। बोरीवली स्थित संजय गांधी नेशनल पार्क के इको-सेंसिटिव ज़ोन के लिए तैयार किए गए ड्राफ्ट ज़ोनल मास्टर प्लान को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय आदिवासियों ने इसके खिलाफ आवाज मुखर की है। उन्होंने वन व पर्यावरण संरक्षण का हवाला देते हुए इस योजना को रद्द करने की मांग की है।

आदिवासी समाज के अध्यक्ष दिनेश हबाले के अनुसार हम पीढ़ियों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। जंगल उनके जीवन, आजीविका और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे में प्रस्तावित योजना में पुनर्वास और संभावित विस्थापन के संकेत हमें स्वीकार्य नहीं हैं। योजना केवल अंग्रेज़ी में उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए इसे समझना कठिन हो गया है। उनका आरोप है कि यह योजना बिना जनभागीदारी और असहमति के बनाई गई है, जो वन अधिकार अधिनियम 2006 की भावना के विपरीत है।

आदिवासियों का आरोप है कि कई व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकार दावे अभी लंबित हैं। फिर भी प्रशासन आगे की योजना बना रहा है। हमारी प्रमुख मांगों में ड्राफ्ट योजना को रद्द करना, ग्राम सभाओं से व्यापक परामर्श, योजना को मराठी भाषा में उपलब्ध कराना और पहले वन अधिकारों का पूर्ण निपटारा शामिल है। हमें विश्वास में नहीं लिया गया है। इसके खिलाफ हमारा विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार