बालासाहेब ठाकरे के अपमान पर मुंबई मनपा में हंगामा
मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के कथित अपमान को लेकर बुधवार को मुंबई महानगरपालिका
(मनपा) की महासभा में जमकर हंगामा हुआ। शिंदे सेना की नेता शायना एनसी के खिलाफ ठाकरे सेना के नगरसेवकों ने मोर्चा खोलते हुए सदन में जोरदार नारेबाजी की और सभा स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
दरअसल, शिवसेना (शिंदे गुट) ने आज अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दाैरान जहां कांग्रेस की वरिष्ठ नेता साेनिया गांधी के किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान आराेप लगाते हुए किताब के कुछ पन्ने फाड़ दिए थे वहीं उनकी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर प्रतिबंध लगाने की मांग की,जिससे सियासी माहौल गरमा।
इसकाे लेकर उद्धव ठाकरे गुट ने शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की भी कथित तस्वीर फाड़ने का आराेप लगाया और ठाकरे के नगरसेवकों ने मनपा मुख्यालय में जमकर हंगामा किया और शिंदे सेना की नेता शायना एनसी पर कार्रवाई करने की मांग की। ठाकरे सेना के नगरसेवकों ने मोर्चा खोलते हुए सदन में जोरदार नारेबाजी की और सभा स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
हालांकि, महापौर रितू तावड़े ने इस मांग को खारिज करते हुए सदन की कार्यवाही जारी रखी। इससे नाराज ठाकरे सेना, मनसे, कांग्रेस और एमआईएम के नगरसेवकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद विपक्षी नगरसेवकों ने महापौर कक्ष के बाहर धरना दिया और बाद में महापौर का घेराव कर उनसे जवाब मांगा।
मनपा की महासभा शुरू होने से पहले ही ठाकरे सेना के नगरसेवकों ने मुख्यालय परिसर में शायना एनसी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी थी। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भी शिवसेना ठाकरे के नगरसेवकों ने अपना विरोध जारी रखा। उन्होंने शायना के बयान को बालासाहेब ठाकरे का अपमान बताते हुए इस पर सदन में चर्चा कराने की मांग की।
विपक्ष की नेता और शिवसेना (यूबीटी) की नगरसेविका किशोरी पेडणेकर ने सत्ताधारी पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि शायना कई राजनीतिक दलों में आती-जाती रही हैं और जहां सत्ता होती है, वहीं पहुंच जाती हैं। उन्होंने महापौर से सवाल किया कि क्या उन्हें बालासाहेब ठाकरे केवल नाम के लिए चाहिए? पेडणेकर ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पक्ष का बालासाहेब के प्रति प्रेम केवल दिखावा है। यदि वास्तव में उनका सम्मान किया जाता है तो इस गंभीर मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है?
मनसे के गुटनेता यशवंत किल्लेदार ने भी महापौर के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सदन में आधे से पौने घंटे तक चर्चा कराने में कोई परेशानी नहीं थी। कांग्रेस नगरसेवक अशरफ आजमी ने सवाल किया कि इतना बड़ा मामला सामने आने के बावजूद शिंदे गुट के नेता चुप क्यों हैं? विपक्षी नगरसेवकों का कहना था कि शायना ने अक्षम्य गलती की है, लेकिन सत्ताधारी पक्ष को बालासाहेब ठाकरे के कथित अपमान से ज्यादा सदन का रोजमर्रा का कामकाज महत्वपूर्ण लग रहा है।
महापौर रितू तावड़े ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि शायना एनसी महापालिका सदन की सदस्य नहीं हैं। इसलिए उनका नाम लेकर सदन का माहौल खराब नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभा स्थगित करने से इनकार कर दिया। इसके बाद विपक्षी दलों के नगरसेवकों ने महापौर कक्ष के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद सभी विपक्षी नगरसेवकों ने महापौर कक्ष में पहुंचकर रितू तावड़े का घेराव किया और इस मामले में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जवाब मांगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

