Update--- माहिम खाड़ी में युवती का शवः पुलिस का इनकार
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के माहिम की खाड़ी में एक 27 वर्षीय युवती का शव मिलने से मुंबई पुलिस ने इनकार किया है। मुंबई पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि माहिम खाड़ी में कोई शव नहीं मिला है। माहिम पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने मौके पर जाकर खुद इसकी पुष्टि की है।
इससे पहले जानकारी प्राप्त हुई थी कि माहिम खाड़ी में एक युवती ने छलांग लगा दी थी। लड़की की लाश मिली है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इधर सांताक्रूज में एक व्यक्ति की पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बीते 30 सितंबर को सांताक्रूज़ पूर्व के रहने वाले साकिब सिद्दीकी (32) की शिकायत पर वकोला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने अपनी दूसरी पत्नी रुखसाना के लापता होने की सूचना दी थी।
तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर वकोला पुलिस की टीम ने साकिब की पहली पत्नी सेहरीन के पिता को पकड़ा, जो घटना के बाद से ही फरार था। कड़ी पूछताछ से पता चला कि आरोपी ने अपने बेटे की मदद से महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी थी और बाद में शव को खाड़ी में फेंक दिया था। रविवार को शव बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वकोला पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। माहिम की घटना से इस घटना का कोई संबंध नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

