उद्धव ठाकरे-फडणवीस की मुलाकात , राजनीतिक गलियारों में छड़ी बहस
मुंबई, 25 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (ठाकरे गुट) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ कथित तौर पर आधी रात को हुई मुलाकात की खबर ने राज्य की सियासत में बहस छेड़ दी है। हालांकि मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मुलाकात से इनकार किया है।
दरअसल डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के मीडिया हाउस 'प्रबुद्ध भारत' ने दावा किया है कि दोनों नेता आधी रात को वर्षा बंगले पर मिले। हालांकि, इस बैठक के पीछे की सही वजह अभी साफ नहीं है। पिछले कुछ वर्षो में दोनों नेताओं के बीच तनाव और गठबंधन टूटने के बाद मतभेदों को देखते हुए, यह बैठक चर्चा में आ गई है। कुछ दिन पहले विधान परिषद में सेवानिवृत्त होने वाले एमएलसी के लिए आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने कविता के जरिए एक-दसरे की प्रशंसा की थी।
शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता संजय राऊत इन चर्चाओं पर शनिवार को कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इसका जवाब तो दोनों नेता ही दे सकते हैं। अगर मुझे इस बारे में जानकारी है भी तो मैं आपको क्यों बताऊं? जब राजनीति में बहुत कुछ होने वाला है, तो मैं आपको क्यों बताऊं? अगर कुछ हो रहा है, तो उस पर पानी क्यों डालूं? भाजपा नेताओं ने ऐसी किसी बैठक के बारे में अनभिज्ञता जताई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि यह खबर पूरी तरह से बेबुनियाद, निराधार और झूठी है। जिन सोशल मीडिया हैंडल से ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उन्हें भी लीगल नोटिस दिया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

