उद्धव ठाकरे ने बुलाई पार्टी सांसदों की बैठक
मुंबई, 13 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार 14 जून को अपने आवास मातोश्री पर पार्टी सांसदों की एक अहम बैठक बुलाई है। ऑपरेशन टाइगर की हलचलों के बीच यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में ताजे राजनीतिक हालात, मॉनसून सत्र की तैयारियों के साथ संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी के सभी सांसदों को मुंबई में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में बदलते राजनीतिक हालात की पृष्ठभूमि में इस बैठक को अहम माना जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव, महाविकास आघाड़ी में सहयोग और पार्टी की आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
यह भी बताया जा रहा है कि बैठक के बाद उद्धव ठाकरे सांसदों से अलग से बातचीत करेंगे। इस बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चाँएं हैं कि यूबीटी के कुछ सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। उन्होंने शिंदे से मुलाकात की थी। वे शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। हालांकि यूबीटी सांसद संज्य राऊत ने इसे खारिज किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह खबर जानबूझकर फैलाई जा रही है। ऑपरेशन लोटस की खबरें आधारहीन हैं। शिंदे गुट का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कई बार ऑपरेशन कर चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

