अजित पवार को याद कर भावुक हुए उद्धव ठाकरे
मुंबई, 23 फरवरी (हि.स.। विधान परिषद में सोमवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के शोक प्रस्ताव पर बोलते हुए शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने एक नेक लीडरशिप खो दी है। ऐसे लोग दोबारा नहीं मिलते और न ही ऐसा दोस्त दोबारा मिलता है।
उद्धव ने कहा कि अजित दादा कभी नहीं थके और अपने कामों से सबको जवाब दिया। आरोपों से एक व्यक्ति की बदनामी हुई, लेकिन दादा ने बिना डगमगाए काबिलियत से जवाब दिया। सदन में अजित पवार हमेशा दिखते थे, आज वे हमारे बीच नहीं हैं। इसका अफसोस सभी के मन में है। मेरे करियर की शुरुआत उनके विचारों के खिलाफ थी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि हम कभी साथ आएंगे।
उद्धव ने कहा कि समय का सख्ती से पालन करना, टेबल पर चीजों को अच्छे से रखना उनकी खास आदतें थीं। मेरे मुख्यमंत्री रहते समय मुझे प्रशासनिक कामों में अजित दादा का पूरा सपोर्ट मिला था। मैंने एक भरोसेमंद साथी और एक अच्छा दोस्त खो दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

