home page

उद्धव ने बुलाई जिला संपर्क प्रमुखों की बैठक

 | 

मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ऑपरेशन टाइगर की सुगबुगाहट के बीच शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने बुधवार 1 अप्रैल और गुरुवार 2 अप्रैल को राज्यभर के पार्टी जिला संपर्क प्रमुखों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में ताजा राजनीतिक हालात और संगठन को मजबूत बनाने पर अहम चर्चा की जाएगी।

बताया जाता है कि उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे पूरे राज्य की समीक्षा करेंगे। पार्टी प्रमुख नेता भी उपस्थित रहेंगे। बुधवार 1 अप्रैल को मराठवाडा, पश्चिम विदर्भ और पूर्व विदर्भ के जिला संपर्क प्रमुखों की बैठक होगी। इसके बाद गुरुवार 2 अप्रैल को उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र और कोंकण के जिला संपर्क प्रमुखों के साथ बैठक कर उद्धव व आदित्य स्थितियों की समीक्षा करेंगे। बीते सोमवार को शिवसेना भवन में उद्धव ने जिला प्रमुखों और मुंबई के नगरसेवकों की बैठक बुलाकर अहम चर्चा की थी और उन्हें पार्टी के सशक्तिकरण के निर्देश दिए थे। उन्होंने निकाय चुनावों में मिली पराजय पर मंथन किया था। उद्धव ने ग्रामीण स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया है।

निकाय चुनावों के बाद पहली बार आदित्य ठाकरे भी उद्धव ठाकरे के साथ मिलकर पूरे राज्य में राजनीतिक स्थितियों और पार्टी संगठन की समीक्षा करेंगे। शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के मौके पर ठाकरे सेना की ओर से मुंबई में नगरसेवकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बालासाहेब की जयंती के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से पूरे राज्य में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए मुंबई में नगरसेवकों को निगरानी की ज़िम्मेदारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार