home page

वसई-विरार में मूसलाधार बारिश के बीच दो युवकों की मौत

 | 

मुंबई, 5 जुलाई, (हि. स.)। वसई-विरार क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार को दो अलग-अलग हादसों में 20 वर्षीय दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक की नालासोपारा पूर्व में इन्वर्टर से फैले करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की वसई पूर्व में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से जान चली गई। जानकारी के मुताबिक पहली घटना नालासोपारा पूर्व के संतोषभुवन स्थित श्री समर्थ चाल की है। कॉलेज छात्र वेदांत सावंत (20) घर लौटने के बाद लोहे की सीढ़ी के सहारे मचान पर चढ़ रहे थे। लगातार बारिश के कारण सीढ़ी गीली थी और उसमें इन्वर्टर का करंट उतर आया। सीढ़ी छूते ही वे तेज करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें तत्काल तुलिंज स्थित मनपा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी घटना वसई पूर्व के मधुबन क्षेत्र में हुई। सुरक्षा स्मार्ट सिटी परियोजना में कार्यरत मजदूर सुमित कुमार मंडल (20) सुबह काम पर जा रहे थे। मूसलाधार बारिश के कारण महावितरण द्वारा हाईटेंशन टावर के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा पानी से पूरी तरह भर गया था। गड्ढा दिखाई नहीं देने से सुमित उसमें गिर गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल ने गड्ढे से उनका शव बरामद किया। दोनों मामलों में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार